केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पटना में पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया है कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम 'नीतीश सेतु' मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आग्रह पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रखा है। यह बयान पुल के नामकरण को लेकर चल रही सियासी चर्चा के बीच आया है।
ललन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को इस पुल का उद्घाटन कर इसे बिहार और देश को समर्पित करेंगे। उन्होंने इसे उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली लाइफलाइन बताया। प्रधानमंत्री वैशाली जिले के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित समारोह में 34 हजार करोड़ रुपये की 227 परियोजनाओं को समर्पित करेंगे। इस दौरान नीतीश सेतु सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास, कार्यारंभ और शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे और इससे पहले राघोपुर में नीतीश सेतु का निरीक्षण करेंगे। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बिहार के अन्य केंद्रीय मंत्री और राजग के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का शिलान्यास अगस्त 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। इसकी कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है, जिसमें गंगा पर बने पुल की लंबाई 9.76 किलोमीटर और संपर्क पथ की लंबाई करीब 10 किलोमीटर है। लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल को गांधी सेतु के समानांतर उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क का नया विकल्प माना जा रहा है।
पुल चालू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। दावा है कि इसके जरिए पटना से वैशाली पहुंचने में करीब 20 मिनट लगेंगे। दक्षिण बिहार से उत्तर बिहार के विभिन्न हिस्सों में जाने वाले वाहनों को पटना शहर के भीतर प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आमस-दरभंगा फोरलेन सड़क को भी इस पुल से जोड़ा जा रहा है, जिससे व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
