मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है और लगभग 150 मरीज इंफाल के शिजा अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। बाबिना अस्पताल में भी कई मरीज भर्ती हैं। आशंका जताई जा रही है कि स्थानीय शराब में जहरीला रसायन मेथनॉल मिला हुआ था, हालांकि शराब का स्रोत और रसायन कैसे मिला, इसकी जांच जारी है।

इस घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब से हुई मौतें कोई हादसा नहीं, बल्कि सरकार की लापरवाही का नतीजा हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि मणिपुर पहले हिंसा की मार झेल चुका है और अब जहरीली शराब लोगों की जान ले रही है, लेकिन सरकार अब भी सो रही है।

कांग्रेस नेता ने मांग की कि जहरीली शराब के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को बिना देरी पूरी सहायता और उचित मुआवजा मिलना चाहिए। राहुल ने अस्पतालों में भर्ती मरीजों के बेहतर इलाज और उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद भी जताई।

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को शिजा और बाबिना अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना और अधिकारियों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। चंदेल जिले में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और जरूरी दवाइयां भेजी गई हैं। राज्य सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। जिला प्रशासन ने लोगों से संदिग्ध स्रोतों से बनी स्थानीय शराब नहीं पीने और अवैध शराब बनाने या बेचने की जानकारी मिलने पर अधिकारियों को सूचित करने की अपील की है।