पड़ोसी देश बांग्लादेश में बदलते राजनीतिक हालात और अस्थिरता से पैदा अनिश्चितताओं के बीच केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर भारत की सामरिक और व्यापारिक कनेक्टिविटी को नई दिशा दी है। त्रिपुरा-बांग्लादेश रेल संपर्क परियोजनाओं पर निर्भरता कम करते हुए सरकार ने आइजोल के नजदीक सैरांग से दक्षिण में म्यांमार सीमा के पास स्थित ह्मांगबुचुआह तक नई रेल लाइन का अंतिम स्थान सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। इस पहल से रणनीतिक कलादान मल्टी-मॉडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट को जमीनी रेल नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है।
रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस योजना का सबसे बड़ा महत्व यह है कि अभी कोलकाता या देश के अन्य हिस्सों से मिजोरम और दक्षिणी पूर्वोत्तर तक सामान और यात्रियों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। पूर्वोत्तर के सभी राज्य फिलहाल मुख्य भूमि से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के पास एक बेहद संकरे गलियारे से जुड़े हैं, जिसे चिकन नेक कहा जाता है। सुरक्षा के लिहाज से यह मार्ग संवेदनशील माना जाता है, जबकि बांग्लादेश के चटगांव या मोंगला बंदरगाह और अगरतला-अखौरा जैसे संपर्क मार्गों पर वहां की राजनीतिक स्थिति के कारण अनिश्चितता बनी रहती है।
नया मार्ग बनने पर कोलकाता या हल्दिया बंदरगाह से जलपोतों के जरिए सामान सीधे म्यांमार के सितवे बंदरगाह पहुंचेगा। वहां से नदी और सड़क मार्ग के सहारे माल मिजोरम की सीमा पर स्थित ह्मांगबुचुआह तक आएगा और फिर नई रेल लाइन के जरिए आइजोल व पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों तक भेजा जा सकेगा।
परियोजना के तहत सैरांग से ह्मांगबुचुआह तक लगभग 223 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी, जिस पर करीब 17,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह रेल लाइन मिजोरम के आइजोल, सेरछिप, हनाहथियाल, लुंगलेई, सियाहा और लौंगतलाई जैसे पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरेगी। अंतिम स्थान सर्वेक्षण पूरा होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को अंतिम रूप देने और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के साथ वित्त वर्ष 2026-27 में जमीनी निर्माण शुरू करने की तैयारी है। निर्माण शुरू होने के बाद इसे करीब पांच से छह वर्ष में यानी 2031-32 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
