ओडिशा के तीन जिलों में 3,338.79 किलोग्राम सोने का भंडार होने की जानकारी सामने आई है। विधानसभा में विधायक सौभिक विश्वासाल के लिखित प्रश्न के उत्तर में खनन मंत्री विभूति भूषण जेना ने यह आंकड़े सदन में रखे।
मंत्री की ओर से दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, केन्दुझर, मयूरभंज और देवगढ़ जिले सोने के भंडार के लिए महत्वपूर्ण हैं। केन्दुझर के गोपुर-जालडीहा क्षेत्र में 191.06 किलोग्राम और मयूरभंज के मदनसाही-कंजिया क्षेत्र में 1,462.73 किलोग्राम सोना मौजूद है। सबसे अधिक 1,685 किलोग्राम सोने का भंडार देवगढ़ जिले के अडश क्षेत्र में बताया गया है।
सोने के अलावा दो जिलों में चांदी के भंडार का भी पता चला है। देवगढ़ के अडश क्षेत्र में 0.638 मीट्रिक टन और सुंदरगढ़ के सरगीपाली में 1.749 मीट्रिक टन चांदी मौजूद है। दोनों जिलों को मिलाकर चांदी का कुल भंडार 2.387 मीट्रिक टन बताया गया है।
राज्य की खनिज संपदा में बहुमूल्य रत्न भी शामिल हैं। कालाहांडी जिले के जिलिंगधर-हिंजिलिबहाल क्षेत्र में 5,349 किलोग्राम माणिक्य पत्थर का भंडार होने की जानकारी दी गई है। विधानसभा में पेश इन आंकड़ों ने ओडिशा की खनिज संपदा और भविष्य में इसके संभावित आर्थिक महत्व को लेकर चर्चा छेड़ दी है।
