विश्व हिंदू कांग्रेस 2026 की मुंबई आयोजन समिति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा पर आरोप लगाया है कि वह कार्यक्रम के प्रचार से जुड़े वीडियो बार-बार हटा रहा है। समिति ने बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मामले में दखल देने की मांग की। यह पत्र समिति के सचिव स्वदेश खेतावत ने लिखा है, जिसमें अधिकारियों को निर्देश देकर मुंबई में मेटा के प्रतिनिधियों को बुलाने और वीडियो हटाने की वजह पूछने की अपील की गई है।

समिति के अनुसार, मुख्यमंत्री फडणवीस ने पहले एक वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया था, जिसमें उन्होंने दुनियाभर के हिंदू समुदाय से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की थी। समिति का आरोप है कि मेटा ने इस वीडियो को दो अलग-अलग मौकों पर हटा दिया, हालांकि संबंधित अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद इसे दोबारा बहाल कर दिया गया। समिति ने बताया कि 17 नवंबर को एक और प्रचार वीडियो हटाया गया, जिसका मकसद उभरते हिंदू युवा नेताओं, खासकर जेनरेशन जेड के युवाओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना था।

समिति ने प्रचार सामग्री बार-बार हटने से अभियान पर असर पड़ने की बात कही है। उसका कहना है कि इससे दुनियाभर के हिंदू समुदाय, विशेषकर इच्छुक युवाओं तक पहुंचने की कोशिश प्रभावित हुई है। समिति ने वीडियो हटाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए भेदभावपूर्ण व्यवहार की आशंका जाहिर की है और मामले की जांच की मांग की है। वह जानना चाहती है कि वीडियो हटाने के पीछे क्या वजह थी और मेटा की कंटेंट मॉडरेशन नीतियां निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से लागू हो रही हैं या नहीं।

समिति ने मुख्यमंत्री से उचित पुलिस शिकायत दर्ज कराने का निर्देश देने की भी मांग की है और कहा है कि जांच में लागू कानूनों के किसी उल्लंघन का पता चलने पर मामले की जांच शुरू की जानी चाहिए। समिति ने मेटा से कंटेंट मॉडरेशन से जुड़े फैसलों पर जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि हिंदू संगठनों की वैध प्रचार गतिविधियों पर भेदभावपूर्ण रोक नहीं लगनी चाहिए। विश्व हिंदू कांग्रेस 2026 का आयोजन मुंबई के जियो कन्वेंशन सेंटर में 18, 19 और 20 दिसंबर को होगा, जिसमें 60 से ज्यादा देशों के 4,000 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।