संसद के आगामी सत्र को लेकर बुधवार को राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई। सूत्रों के अनुसार सरकार के सामने दो विकल्प हैं। पहला विकल्प मानसून सत्र का सत्रावसान कर 7 से 23 दिसंबर तक शीतकालीन सत्र बुलाने का है। इस सत्र की 12 बैठकों के दौरान महिला आरक्षण और लोकसभा की सीटें बढ़ाने से जुड़े परिसीमन विधेयक पेश किए जा सकते हैं।
दूसरा विकल्प विशेष बैठक बुलाने का है। मानसून सत्र की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई थी। सत्रावसान न होने के कारण उस सत्र की बैठकें कम नोटिस पर फिर बुलाई जा सकती हैं। नवंबर के अंतिम सप्ताह में तीन दिन की बैठक बुलाकर महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पेश किए जा सकते हैं। शीतकालीन सत्र इसके बाद बुलाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक अगले 48 घंटे में किसी एक विकल्प पर फैसला संभव है।
इस बीच दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर एक संदिग्ध व्यक्ति ने जबरन घुसने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया। सीआईएसएफ ने सोशल मीडिया एक्स पर इस घटना की जानकारी दी। पोस्ट के अनुसार जवानों की सतर्कता और पेशेवर तरीके से घटना को संभालने के कारण एयरपोर्ट पर तनाव की स्थिति नहीं बनी। हालांकि व्यक्ति की पहचान और उसकी मंशा के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है और उससे पूछताछ की जा रही है।
गुजरात में सूरत के उधना-मगदल्ला रोड स्थित सफल स्क्वायर कॉम्प्लेक्स में एएचटीयू ने मंगलवार देर शाम सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए छापा मारा। पुलिस के मुताबिक होटल संचालक राजेशसिंह ने डमी ग्राहक से 9 हजार रुपए वसूले थे। छापे के दौरान वह बाथरूम जाने का बहाना बनाकर खिड़की से भागने लगा, लेकिन चौथी मंजिल से पाइपलाइन के जरिए नीचे गिर गया और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों से 5 हजार से 15 हजार रुपए तक की रकम लेकर उन्हें वीवीआईपी ट्रीटमेंट देता था। पुलिस को इस रैकेट में नशीले पदार्थ उपलब्ध कराने की भी आशंका है।