प्यू रिसर्च सेंटर के बुधवार को जारी विस्तृत अनुमानों के मुताबिक, 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है। 25 साल से धर्मों की जनसांख्यिकी पर रिपोर्ट जारी कर रहे प्यू सेंटर के अनुसार, इस्लाम और ईसाई धर्म दोनों का विस्तार हो रहा है, लेकिन इस्लाम की वृद्धि दर कहीं अधिक तेज है। इसकी प्रमुख वजह मुसलमानों में अन्य बड़े धार्मिक समूहों की तुलना में बच्चों की अधिक संख्या है। प्यू के वरिष्ठ जनसांख्यिकीविद् कॉनरॉड हैकेट ने कहा कि मतांतरण और धार्मिक पहचान बदलने के अन्य तरीके प्रजनन दर की तुलना में बहुत छोटे कारक हैं।
प्यू के अनुसार, 2020-2025 के दौरान मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे थी, जबकि ईसाई महिलाओं की दर 2.5 थी। अन्य सभी धर्मों की महिलाओं की औसत प्रजनन दर 1.6 थी, जो 2.1 के उस स्तर से कम है जिसे हर पीढ़ी के अपने स्थान पर अगली पीढ़ी लाने के लिए जरूरी माना जाता है। 2020 में दुनिया भर में 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुस्लान थे। नए अनुमानों में 2035 तक मुसलमानों की संख्या 2.57 अरब और ईसाइयों की 2.52 अरब रहने की संभावना जताई गई है। हाल के रुझान जारी रहने पर 2070 तक मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से अधिक और ईसाइयों की संख्या 3 अरब से कुछ कम होगी।
ये अनुमान प्यू की उस व्यापक परियोजना का हिस्सा हैं, जिसमें 2020 से 2070 के बीच प्रमुख धार्मिक समूहों की आबादी में संभावित बदलाव का आकलन किया गया है। इनमें धार्मिक समूहों की उम्र संबंधी संरचना, प्रजनन दर और धर्म बदलने तथा प्रवासन के हालिया रुझानों के अंतर को ध्यान में रखा गया है। अध्ययन के अनुसार, 2020 से 2070 के बीच दुनिया की आबादी में 29 प्रतिशत वृद्धि होने का अनुमान है। जिन धार्मिक समूहों का विश्लेषण किया गया, उनमें केवल मुसलमानों और ईसाइयों की आबादी में वृद्धि दुनिया की कुल जनसंख्या वृद्धि के अनुरूप रहने की संभावना है। ईसाइयों की संख्या 30 प्रतिशत और मुसलमानों की 80 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है।
प्यू के मुताबिक, हिंदुओं और यहूदियों की संख्या में कुल वृद्धि होने के बावजूद वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी घटने का अनुमान है, जबकि बौद्धों की संख्या और उनकी हिस्सेदारी दोनों में कमी आएगी। इसकी एक वजह चीन, दक्षिण कोरिया और जापान की कुल आबादी में संभावित गिरावट है। अनुमान है कि 2070 तक यूरोप में रहने वाले लोगों की संख्या 17 प्रतिशत घट जाएगी और वहां ईसाइयों की संख्या एक-तिहाई कम होकर 50.5 करोड़ से 32.4 करोड़ रह जाएगी, जबकि यूरोप की आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 6 प्रतिशत से बढ़कर 13 प्रतिशत होने का अनुमान है। अमेरिका में ईसाइयों की संख्या 2020 के करीब 21.7 करोड़ से घटकर 2070 में करीब 17.4 करोड़ रह जाएगी और 40 साल के भीतर वहां ईसाई बहुसंख्यक नहीं रहेंगे। हार्वर्ड डिविनिटी स्कूल की वरिष्ठ शोधकर्ता जीना जुर्लो ने कहा कि बदलते रुझानों के मद्देनजर ईसाई-मुस्लिम संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं।
