पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के पर्यटन क्षेत्र के जोन दो में एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ विचरण करती देखी गई है। वन विभाग के मुताबिक, इन शावकों की उम्र तीन से चार महीने के आसपास है। बाघों की बढ़ती आबादी से पर्यटकों और विभाग में उत्साह है। बीते दिनों भी एक अन्य बाघिन अपने शावकों के साथ देखी गई थी। वर्तमान पर्यटन सत्र में अब तक दो नई बाघिनें अपने छह शावकों के साथ नजर आ चुकी हैं, जबकि जंगल के विभिन्न हिस्सों में कई बाघिनें अपने अल्पवयस्क शावकों के साथ भी देखी जा रही हैं।
बाघों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की ओर से जारी बाघ गणना के अनुसार पीटीआर में बाघों की संख्या 71 थी। पीटीआर प्रशासन की ओर से वर्ष 2024 में कराई गई आंतरिक गणना में यह आंकड़ा बढ़कर 80 तक पहुंच गया था। बीते पर्यटन सत्र में जंगल में एक दर्जन से अधिक नए शावक देखे गए थे। लगातार बढ़ रही इस संख्या को देखते हुए अब पीटीआर में बाघों का आंकड़ा 100 के करीब पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
वन विभाग के अनुसार, लगातार नए शावकों का दिखना पीटीआर के बेहतर प्रबंधन, अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र और सुरक्षित वन क्षेत्र का बड़ा प्रमाण है। तराई क्षेत्र में स्थित पीटीआर का समृद्ध जंगल बाघों के लिए सुरक्षित पर्यावास साबित हो रहा है।
डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि बाघिन का शावकों के साथ दिखना पीटीआर के लिए बेहद शुभ संकेत है। यह दर्शाता है कि यहां का प्राकृतिक वातावरण उनके लिए अनुकूल है। शावकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
