पंजाब में 25 नवंबर को आम आदमी क्लीनिक बंद रहेंगे। आम आदमी क्लीनिक साझा फ्रंट, पंजाब के अनुसार मेडिकल आफिसर, फार्मेसी ऑफिसर और क्लीनिकल असिस्टेंट अपनी मांगों को लेकर संगरूर में रोष प्रदर्शन करेंगे। फ्रंट ने इस दौरान भूख हड़ताल का भी एलान किया है। हड़ताल के कारण प्रदेशभर के क्लीनिकों में मरीजों को इलाज और दवा लेने में परेशानी हो सकती है।

फ्रंट के अनुसार कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगें उठा रहे हैं। इस संबंध में मिशन डायरेक्टर एनएचएम पंजाब आईएएस साक्षी साहनी, पूर्व डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज डॉ. हतिंदर और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ बैठकें भी हो चुकी हैं। मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी, लेकिन लागू करने के लिए लिखित आदेश जारी नहीं हुए हैं।

कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर मांगें पूरी करवाने की अपील की है। उनका कहना है कि जब तक आधिकारिक आदेश जारी नहीं होते, संघर्ष जारी रहेगा।