रायबरेली में ठंड की शुरुआत के साथ धुंध का असर दिखने लगा है। पिछले आठ दिनों से सुबह और रात के समय छाई धुंध के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी है। खासकर लंबी दूरी की रोडवेज बसों के चालकों को कम दृश्यता के कारण अधिक सतर्कता बरतनी पड़ती है। इसी को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों में फॉग लाइट की जगह ऑल वेदर बल्ब लगाने का निर्णय लिया है, जिससे कोहरे और बारिश में बेहतर दृश्यता मिल सके।

परिवहन निगम की ओर से संचालित सभी बसों में ये बल्ब लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे कोहरे और धुंध के दौरान सड़क पर रोशनी समान रूप से बनी रहेगी। सर्दियों में रात के समय घना कोहरा होने पर दृश्यता कई बार बेहद कम हो जाती है और सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। ऐसे में चालकों को बस की गति कम करके बेहद सावधानी से वाहन चलाना पड़ता है। पहले ऐसी स्थिति में फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब ऑल वेदर बल्ब से इस समस्या को कम करने की तैयारी की जा रही है।

परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन का कहना है कि जिले में निगम की 94 और 70 अनुबंधित बसों का संचालन किया जा रहा है। इन सभी बसों में ऑल वेदर बल्ब लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सर्दियों में कोहरे के कारण होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह व्यवस्था की जा रही है।