कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए पवित्र है और विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अगर चुनावों का बहिष्कार किया जाता तो उसी पल भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाता। राहुल गांधी ने यह बात गुरुवार को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ हुए संवाद के दौरान कही। वह दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। इससे पहले बुधवार को उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।

राहुल गांधी ने कहा कि उनकी रणनीति लड़ने की है और भारत के लोगों को बताने की है कि देश में क्या चल रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को चुनावी प्रक्रिया में काफी नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद चुनाव का बहिष्कार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे गैर-लोकतांत्रिक भारत स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं और यह सिर्फ कांग्रेस पार्टी की बात नहीं है, बल्कि भारत के अधिकांश लोगों की भावना है।

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष यह सुनिश्चित करेगा कि लोग बिना डर अपनी बात कह सकें और यह ताकत आगे भी भारत की सबसे बड़ी शक्ति बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि वे यह लड़ाई लड़ रहे हैं और उन्हें यह कहते हुए खुशी है कि वे यह लड़ाई जीत रहे हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव की वैधता पर भी सवाल उठाया और कहा कि चुनाव में कई फर्जी मतदाता थे। उन्होंने दावा किया कि एक ब्राजीलियाई महिला, जो कभी भारत नहीं आई, उसने भारत में एक विधानसभा चुनाव में 23 बार मतदान किया।

जलवायु संकट पर सवाल पूछे जाने पर राहुल गांधी ने कहा कि अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो समय कम है। उन्होंने कहा कि वे अपने घर में एयर प्यूरीफायर लगवा रहे हैं, क्योंकि उन्हें दिनभर सिरदर्द रहता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे शहरों में प्रदूषण की वजह से लोगों को जो परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं, वह बेहद चिंताजनक है। इजरायल से भारत के संबंधों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अक्टूबर में इजरायल में जो कुछ हुआ, वह बेहद भयावह था और उसकी निंदा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गाजा में जो कुछ हो रहा है, उसकी भी निंदा होनी चाहिए और किसी एक पक्ष की गलती को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।