अमेरिका की शिकागो युनिवर्सिटी में राहुल गांधी के पाकिस्तान और भारत को लेकर दिए गए बयान पर सियासी हंगामा मचा है। बीजेपी ने उन पर पाकिस्तान का फैन बॉय होने का आरोप लगाया है।
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी को पाकिस्तान से इतना प्रेम है कि वह विदेशी धरती पर देश की छवि धूमिल करते हैं और उन्हें देशहित की परवाह भी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पाकिस्तान को आदर्श के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश कर रहे हैं और चाहते हैं कि भारत उसे देखकर अपनी विदेश नीति बनाए। भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी भूल जाते हैं कि रूस और यूक्रेन दोनों भारत से शांति समझौता कराने की दरखास्त करते हैं और ईरान भारत के लिए होर्मुज से प्रतिबंध हटा लेता है। उन्होंने यह भी कहा कि यूपीए सरकार ने 26/11 के हमले के बाद भी समझौता ही किया था।
राहुल गांधी ने ईरान युद्ध को लेकर कहा था कि एक तरफ पाकिस्तान आगे आकर ईरान और अमेरिका से बात कर रहा था, जबकि भारत उस चर्चा में कहीं नहीं था। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत साइड प्लेयर बनकर रह गया है और भारत को ऐसी चर्चाओं में आगे रहना चाहिए।
शुक्रवार सुबह राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच चर्चा की एक तस्वीर साझा की। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री इस टेबल पर कभी नहीं बैठ पाएंगे। बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने राहुल गांधी के बयान को क्षमा योग्य नहीं बताया और कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर केवल भारत की छवि खराब करने जाते हैं।
