कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो में एक कार्यक्रम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भू-राजनीतिक समझ की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि पुतिन अंतरराष्ट्रीय मामलों पर व्यापक दृष्टिकोण के साथ बात कर सकते हैं। राहुल गांधी 18 नवंबर को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में ‘द ईरान वॉर एंड इंडियाज रोल इन द वर्ल्ड’ विषय पर आयोजित चर्चा में शामिल हुए थे। इस चर्चा में यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप भी मौजूद थे।

चर्चा के दौरान प्रोफेसर रॉबर्ट पेप ने अमेरिका में नेतृत्व के बदलते स्वरूप पर राहुल गांधी की राय जानी। उन्होंने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का उदाहरण देते हुए अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से आने वाले युवा नेताओं के उभार पर सवाल पूछा। जवाब में राहुल गांधी ने इसे अच्छा बदलाव बताया और पश्चिमी देशों के नेताओं के साथ अपने अनुभव साझा किए।

राहुल गांधी ने कहा कि जब वह पहली बार राजनीति में आए थे, तब पश्चिमी देशों के नेताओं को दुनिया के दूसरे हिस्सों की अच्छी समझ होती थी। उन्होंने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर के साथ हुई बातचीत का उदाहरण दिया। उनके मुताबिक, बाद में पश्चिमी नेतृत्व में ऐसा दौर आया जब कुछ नेताओं का ध्यान अपने देश के अंदरूनी मामलों पर केंद्रित हो गया। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वह किसी एक विशेष देश की बात नहीं कर रहे, बल्कि पश्चिमी नेतृत्व में आए व्यापक बदलाव की ओर इशारा कर रहे हैं।

पुतिन का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनकी भू-राजनीतिक समझ उन सबसे गहरी है, जिनसे अब तक उनका सामना हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि यह उनका व्यक्तिगत अनुभव है और जरूरी नहीं कि उनका आकलन पूरी तरह सही हो। इससे पहले उन्होंने दूसरे विश्व युद्ध के बाद बनी वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि भविष्य की वैश्विक व्यवस्था किसी एक सभ्यता या कुछ पश्चिमी देशों के नियंत्रण में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर भी सवाल उठाया और कहा कि भारत की विदेश नीति का आधार व्यक्तिगत दोस्ती नहीं, राष्ट्रीय हित होना चाहिए।