यमन के हूती लड़ाकों ने गुरुवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर मिसाइल हमला किया, जिसमें शहर की 80 मंजिलों वाली सबसे ऊंची इमारत पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीआईएफ) मुख्यालय को भारी नुकसान पहुंचा है। रॉयटर के मुताबिक, इस हमले में बिल्डिंग की सात-आठ मंजिलें तबाह हो गई हैं। पीआईएफ भवन किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित है। बताया गया है कि मिसाइल तेज आवाज के साथ बिल्डिंग से टकराई, जिससे पूरी राजधानी दहल उठी। हमले में आसपास की इमारतों को भी नुकसान हुआ है और उनमें आग लग गई है। सऊदी अरब ने हमले की पुष्टि की है, लेकिन किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी है।
हमले के बाद प्रशासन ने इलाके में आवाजाही पर रोक लगा दी है। रियाद प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। इससे पहले आठ नवंबर को हूती ने इसी इलाके में स्थित तेल कंपनी अरामको के कॉर्पोरेट कार्यालय को निशाना बनाया था।
दूसरी ओर, हूती ने बताया है कि सऊदी अरब ने गुरुवार रात यमन की राजधानी सना पर बमबारी की, जिसमें कई लोग मारे गए और घायल हुए हैं।
इस बीच सऊदी अधिकारियों ने नाम सार्वजनिक न करते हुए कहा है कि यमन में लड़ाई कई महीने और चल सकती है, जिसका असर सऊदी अरब पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका इस लड़ाई में हस्तक्षेप करे तो हालात बदल सकते हैं और जल्द शांति स्थापित हो सकती है, लेकिन ईरान के बाद अब यमन की लड़ाई में फंसना अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को उचित नहीं लग रहा है। हूती के हमलों के बावजूद सऊदी अरब का तेल निर्यात बढ़ा है। सितंबर के आंकड़ों के अनुसार, सऊदी अरब से प्रतिदिन 50 लाख बैरल से ज्यादा कच्चे तेल का निर्यात हुआ, जो बीते सात महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है।
