संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) की ताजा रिपोर्ट ने इस धारणा को चुनौती दी है कि आज की पीढ़ी शादी और परिवार बसाने से दूर भाग रही है। 73 देशों के 1,08,926 युवाओं पर हुए सर्वे के मुताबिक, ज्यादातर युवा शादी को अपनी आदर्श जीवन व्यवस्था मानते हैं, लेकिन आर्थिक असुरक्षा के कारण वे जीवनसाथी चुनने और शादी का फैसला टाल रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, सर्वे में शामिल 70 फीसदी पुरुषों और महिलाओं ने शादी को आदर्श जीवन व्यवस्था बताया, जबकि केवल 16 फीसदी युवाओं ने अकेले रहना पसंद किया। 90 फीसदी से ज्यादा युवाओं ने एक या उससे अधिक बच्चे चाहने की बात कही, जबकि महज 9 फीसदी ने बच्चे नहीं चाहने की बात कही। करीब 73 फीसदी युवाओं ने जीवनसाथी और बच्चों को जीवन का बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव माना। हालांकि, 81 फीसदी युवाओं ने शादी या रिश्ते में बंधने के लिए आर्थिक सुरक्षा को सबसे जरूरी बताया और 57 फीसदी ने आर्थिक संकट तथा मकान की बढ़ती कीमतों को रिश्ते बनाने में बड़ी बाधा कहा।
भारत के युवाओं को लेकर रिपोर्ट में अहम आंकड़े सामने आए हैं। देश के 83 फीसदी युवा अपने भविष्य को लेकर आशावान हैं। इनमें 67 फीसदी ने भविष्य के प्रति सकारात्मक नजरिया जताया, जबकि 58 फीसदी को भरोसा है कि उनके जीवन में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर हैं। भारत की करीब 147.6 करोड़ आबादी में हर चार में से एक व्यक्ति 10 से 24 वर्ष की उम्र का है। देश की कुल प्रजनन दर प्रति महिला 1.9 दर्ज की गई है।
रिपोर्ट में महिलाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई गई है। भारत में मातृ मृत्यु दर घटकर प्रति एक लाख जन्म पर 80 रह गई है और 89 फीसदी प्रसव अस्पतालों या स्वास्थ्य केंद्रों में हो रहे हैं। किशोर जन्म दर भी घटकर 15 से 19 वर्ष की उम्र की प्रति एक हजार लड़कियों पर 11 रह गई है। हालांकि, बाल विवाह की समस्या अब भी बनी हुई है और 18 वर्ष से पहले विवाह का आंकड़ा 23 फीसदी है। शिक्षा के क्षेत्र में कक्षा 6 से 8 तक शुद्ध नामांकन दर 86 फीसदी है, जो कक्षा 9 से 12 तक घटकर 58 फीसदी रह जाती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, युवाओं ने साफ संदेश दिया है कि उनके लिए नीतियां बनाने के बजाय उन्हें नीति निर्माण में शामिल किया जाए। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के जलवायु सम्मेलनों के राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों में कम से कम 20 फीसदी युवा भागीदारी अनिवार्य करने की मांग की है। वैश्विक स्तर पर 15 से 24 वर्ष की उम्र का हर पांच में से एक युवा नीट श्रेणी में है, यानी वह न पढ़ाई कर रहा है, न प्रशिक्षण ले रहा है और न ही रोजगार में है। पुरुषों में यह दर करीब 13 फीसदी है, जबकि महिलाओं और युवतियों में यह 27 फीसदी से अधिक है।