अमेरिका में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की कथित हत्या की नाकाम साजिश के मामले में शुक्रवार (20 नवंबर) को अहम सुनवाई होनी है। इसमें भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता की सजा पर अमेरिकी अदालत में सुनवाई होगी। खबरों के मुताबिक, पन्नू भी इस दौरान अदालत में व्यक्तिगत रूप से मौजूद रह सकता है। ऐसा हुआ तो 2023 की इस कथित साजिश के सामने आने के बाद दोनों पहली बार आमने-सामने होंगे।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सरकारी वकीलों ने अदालत से पन्नू को पीड़ित गवाह के तौर पर अपना पक्ष रखने के लिए 20 मिनट का समय देने का अनुरोध किया है। वहीं, गुप्ता के वकील का कहना है कि कानून के तहत आरोपी को भी सजा सुनाए जाने की कार्यवाही के दौरान मौखिक रूप से अपनी बात रखने का अधिकार है। ऐसे में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की ओर से अदालत में मौखिक दलीलें पेश किए जाने की संभावना है।
इस मामले में अमेरिकी वकीलों ने गुप्ता के लिए 24 साल की जेल की सजा मांगी है। दूसरी ओर, गुप्ता के न्यूयॉर्क स्थित वकील ने अदालत से कम से कम सजा देने की अपील की है। बचाव पक्ष ने 12 साल की सजा का अनुरोध करते हुए अमेरिकी जिला न्यायाधीश विक्टर मारेरो के सामने गुप्ता की ओर से पश्चाताप पत्र भी पेश किया है। अपने बयान में गुप्ता ने साजिश में शामिल होने को लेकर गहरा अफसोस जताया है और कहा है कि इस मामले में उन्होंने अकेले काम किया था।
गुप्ता पर 2023 में न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की साजिश रचने के आरोप हैं। उनके खिलाफ हत्या के लिए सुपारी देने, सुपारी देने की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचने के तीन आरोप तय किए गए हैं। गुप्ता ने शुरू में खुद को निर्दोष बताया था, लेकिन इस साल फरवरी में उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्हें एक साल पहले चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था और जून 2024 में अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया, जिसके बाद से वह ब्रुकलिन में हिरासत में हैं। इस बीच, पन्नू ने भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और रॉ के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ अमेरिका में अलग दीवानी मुकदमा दायर किया है। गुप्ता के वकील ने स्पष्ट किया है कि इस दीवानी मुकदमे का आपराधिक मामले की सजा की सुनवाई से कोई संबंध नहीं है। भारत सरकार पहले भी पन्नू के खिलाफ किसी साजिश में शामिल होने के आरोपों से इनकार करती रही है।
