कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। इसके पीछे बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में मौजूद खामियां हैं। राहुल गांधी ने यह बात अमेरिका के न्यूयॉर्क में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी के सामने कही। वे अमेरिका की दो दिन की यात्रा पर हैं और आज यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो का दौरा भी करने वाले हैं।

कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन ने राहुल गांधी से भारत के युवाओं को लेकर सवाल पूछा था। जवाब में राहुल ने कहा कि युवाओं में मौजूदा हालात को लेकर निराशा है। इनमें एक वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है, जिसने औपचारिक शिक्षा हासिल की है। राहुल ने कहा, "हम इस पर अध्ययन कर रहे हैं और इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी सबसे अहम वजह यह है कि उन्हें अपना भविष्य नजर नहीं आता।"

राहुल गांधी ने कहा कि करियर के अवसरों को लेकर युवाओं और उनके माता-पिता के बीच दूरी बढ़ रही है। युवा पिछली पीढ़ी की सलाह और उसके अनुभवों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, "वे अपने माता-पिता से असल में यह कह रहे हैं और हमें माता-पिता से यही सुनने को मिल रहा है- सुनिए, आप सफल नहीं हैं, आपके पास नौकरी नहीं है। आप हमें वह करने के लिए नहीं कह सकते, जो आपने किया, क्योंकि वह काम नहीं करता।"