मनीला में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और निवेश के क्षेत्रों में आपसी सहयोग मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई। बातचीत में आपसी हित के प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया। यह बैठक आसियान शिखर सम्मेलन के इतर भारत-फिलीपींस द्विपक्षीय वार्ता के दौरान हुई, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी मौजूद थे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने इस वर्ष आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति को बधाई दी और 2024 से आसियान में भारत के समन्वयक देश के रूप में उसकी भूमिका की सराहना की।

अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नवीराकुल और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लारेंस वोंग के साथ भी द्विपक्षीय बातचीत की। सिंगापुर के प्रधानमंत्री के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई, खासकर निवेश, बुनियादी ढांचे, नवाचार, सेमीकंडक्टर और उन्नत विनिर्माण के क्षेत्रों में।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात में रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा हुई और व्यापार व निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, संपर्क, डिजिटल प्रौद्योगिकियों, संस्कृति, पर्यटन तथा लोगों के बीच संबंधों में सहयोग पर चर्चा हुई।