कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव का बहिष्कार करने से इनकार किया है। अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष चुनाव नहीं लड़ेगा तो भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को पवित्र बताया और कहा कि जब तक उनके पास पूरे सबूत न हों, उनके लिए यह कहना भी मुश्किल है कि व्यवस्था में कोई समस्या है। इस कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रॉबर्ट पेप कर रहे थे।
गांधी ने कहा कि उनकी रणनीति चुनाव लड़ते रहने और चुनावी व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को जनता के सामने लाने की है। उनके मुताबिक, विपक्ष के बहिष्कार से कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर असर पड़ेगा और जनता की नजर में चुनावी प्रक्रिया की वैधता पर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि जब तक लोगों को व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने का एहसास नहीं होता, विपक्ष इन परिस्थितियों का सामना करता रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग के अधिकारी विपक्षी नेताओं को चुनावी व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा अब सामान्य राजनीतिक दल नहीं रह गए हैं और देश के बड़े औद्योगिक घरानों के साथ मिलकर काम करते हैं। गांधी ने यह भी कहा कि उन्हें भारतीय विश्वविद्यालयों में छात्रों से बातचीत की अनुमति नहीं है, जबकि अमेरिका में वह ऐसा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 के चुनावों के बाद उन्हें चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का संदेह था, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने उन्हें इन दावों को सार्वजनिक न करने की सलाह दी थी। गांधी ने कहा कि जब उन्होंने नेताओं को सबूत दिखाए तो उन्होंने कहा कि ऐसा मत कहिए।
