टिहरी मेडिकल कालेज के निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के आठवें दिन स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने टिहरी मेडिकल कालेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में सरकार ने टीएचडीसी की ओर से तैयार की गई डीपीआर पर मेडिकल कालेज बनाने पर सहमति जताई। स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों के बीच शीघ्र समन्वय स्थापित कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए और भरोसा दिया कि मेडिकल कालेज निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया गंभीरता से आगे बढ़ाई जाएगी।
समिति के सदस्य 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने आंदोलनकारियों की मांगों और स्थानीय लोगों की भावनाओं को संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने कहा कि टिहरी मेडिकल कालेज निर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में जरूरी कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी।
बैठक में जिला चिकित्सालय टिहरी की वर्तमान 100 बेड की क्षमता बढ़ाकर 200 बेड करने की मांग भी स्वीकार की गई, जिससे जिले के लोगों को बेहतर और विस्तारित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया जा सकेगा। विभागीय सचिव विनय शंकर पांडेय ने आंदोलनकारियों से आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की।
बैठक में जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल, अपर सचिव रोहित मीणा, चिकित्सा शिक्षा विभाग के निदेशक आशुतोष सयाना, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, संघर्ष समिति के संयोजक डा. राकेश भूषण गोदियाल और सीएमओ टिहरी डा. राम प्रकाश मौजूद रहे, जबकि विधायक किशोर उपाध्याय वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
