कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका में भारत की चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल चुनाव का बहिष्कार नहीं करेंगे, बल्कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को उजागर करते रहेंगे। उनके अनुसार विपक्ष ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहता, जिससे लोगों की नजर में चुनाव प्रक्रिया की वैधता पर सवाल खड़ा हो और भारतीय लोकतंत्र की व्यवस्था कमजोर हो।
इस बीच, चीन के प्रमुख तकनीकी केंद्र शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन बुधवार को शुरू हुआ। वैश्विक कूटनीति के लिहाज से यह दिन अहम रहा, जहां एक तरफ चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, वहीं दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बहुप्रतीक्षित त्रिपक्षीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए शेनझेन पहुंचे हैं।
उधर, गुजरात के सूरत में सचिन जीआईडीसी औद्योगिक इलाके स्थित होजीवाला कंपनी की फैक्टरी में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को बड़े स्तर पर अभियान चलाना पड़ा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सूरत नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंच गई और कुल 10 दमकल गाड़ियां लगाई गईं। करीब 60 दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हैं। राहत की बात यह है कि फैक्टरी के अंदर कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति फंसा नहीं मिला और किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
जम्मू-कश्मीर से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों तक मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। गुलमर्ग, पहलगाम और कुपवाड़ा में ठंड बढ़ गई है, जबकि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अगले तीन दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अकवान कमजोर पड़ने के बाद भी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है और 20 नवंबर को तट पार करने की आशंका है।