बिहार जनवरी 2027 में राजगीर में पहली बार कैडेट और जूनियर बालक-बालिका तलवारबाजी विश्वकप की मेजबानी करेगा। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (बीएसएसए) के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण के अनुसार, प्रतियोगिता जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में आयोजित होगी, जिसमें 25 से 28 देशों के खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।

गुरुवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर में एशियाई तलवारबाजी महासंघ के महासचिव और भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने बिहार का दौरा किया और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात की। बैठक में प्रदेश में तलवारबाजी के विकास और विस्तार पर विचार-विमर्श हुआ और राजगीर में विश्वकप आयोजन पर सहमति बनी। बैठक में गुजरात तलवारबाजी संघ के महासचिव भरत भी उपस्थित थे।

बैठक में राजगीर में तलवारबाजी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू करने पर भी चर्चा हुई, जिसके जरिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। इसका उद्देश्य बिहार में तलवारबाजी को मजबूत आधार देना और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

भारतीय तलवारबाजी महासंघ के सहयोग से पूरे प्रदेश में नई खेल प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी। साथ ही प्रशिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने, तकनीकी अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने और उनके लिए कार्यशालाएं आयोजित करने की योजना पर भी सहमति बनी।