हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग में चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई। मृतकों की पहचान रिंकू पुत्र जगबीर वासी डिघल, विनित पुत्र जयबीर वासी डिघल, गन्जू वासी डिघल और हिमांशु पुत्र राजबीर वासी बेरी के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट कार में सवार पांच हथियारबंद बदमाश ढाबे पर पहुंचे और खाना खा रहे युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज से ढाबे पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए टेबल-कुर्सियों के पीछे छिप गए। तीन युवकों की मौत खाने की टेबल पर ही हो गई, जबकि भागे चौथे युवक का बदमाशों ने पीछा करके गोलियों से भून डाला।

वारदात के बाद बदमाश कई मिनट तक हथियार लहराते हुए मौके पर घूमते रहे और फिर फरार हो गए। सूचना पर रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित समेत जिला पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से छानबीन की।

इस वारदात को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया के बीच गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।