मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को परमाणु-संचालित पनडुब्बी 'पर्म' को नौसेना में शामिल किया। मॉस्को ने दावा किया है कि यह रूसी बेड़े की पहली ऐसी पनडुब्बी है, जिसमें जिरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइलें लगी हैं। पुतिन ने उत्तर-पश्चिमी रूस के सेवेरोडविंस्क स्थित सेवमाश शिपयार्ड में ध्वजारोहण समारोह में हिस्सा लेकर इसे औपचारिक रूप से नौसेना को सौंपा।
पर्म रूसी नौसेना की चौथी पीढ़ी की परमाणु-संचालित अटैक सबमरीन है और प्रोजेक्ट 885 सीरीज का छठा पोत है। इसे अपग्रेड किए गए 'प्रोजेक्ट 885M' के तहत बनाया गया है, जिसे यासेन-एम क्लास भी कहा जाता है। यह रूस की दूसरी पनडुब्बी है, जिसका नाम यूराल पहाड़ों के पास बसे 'पर्म' शहर के नाम पर रखा गया है।
पनडुब्बी को रूसी 3M22 जिरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइल से लैस किया गया है, जिसे युद्धपोतों और जमीनी ठिकानों पर सटीक हमले के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी मारक क्षमता 400 से 1,000 किलोमीटर तक बताई जाती है, हालांकि इस पर अलग-अलग दावे हैं। मिसाइल के वारहेड का वजन करीब 300-400 किलो है। पुतिन ने जिरकॉन की रफ्तार ध्वनि की गति से नौ गुना तेज बताई है।
एएफपी के अनुसार, रूस तेजी से अपनी पनडुब्बियों की संख्या बढ़ाने पर काम कर रहा है। पुतिन ने बताया कि 2030 तक नौसेना को पांच और पनडुब्बियां मिलेंगी, जिनमें यासेन-एम क्लास की तीन पनडुब्बियां शामिल हैं। ये पनडुब्बियां दुनिया के किसी भी महासागर में काम कर सकती हैं और कई तरह की क्रूज मिसाइलें ले जा सकती हैं। परमाणु-संचालित पनडुब्बियां रूस की परमाणु प्रतिरोध रणनीति का अहम हिस्सा हैं, क्योंकि पानी के नीचे छिपकर काम करने की इनकी क्षमता परमाणु हमले की स्थिति में जवाबी हमले की ताकत देती है।
