मुजफ्फरपुर के साहेबगंज अंचल में जमीन के दाखिल-खारिज में अनियमितता सामने आई है। भगवानपुर निवासी राहुल कुमार ने राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री से शिकायत की थी कि उनका आवेदन लंबित रखा गया, जबकि उसी जमीन के लिए बाद में आए दूसरे आवेदन को मंजूरी दे दी गई। बाद में पहले आवेदन को रकबा कम बताकर अस्वीकृत कर दिया गया।
राजस्व मंत्री के निर्देश पर अपर समाहर्ता ने मामले की जांच की। जांच में पाया गया कि तत्कालीन अंचल अधिकारी ने दाखिल-खारिज नियमावली का पालन नहीं किया और उनका आदेश नियमों के विरुद्ध था। अपर समाहर्ता ने तत्कालीन सीओ को दोषी माना है।
जांच में एक और गंभीर गड़बड़ी सामने आई। एक पक्ष की ओर से फर्जी वंशावली तैयार की गई थी, जिसमें पुत्री का नाम हटा दिया गया था। जांच के बाद इस वंशावली को रद कर दिया गया था। इसके बावजूद इससे जुड़े दाखिल-खारिज की स्वीकृति दिए जाने पर सवाल खड़े हुए हैं।
