समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ में एक जनसभा में पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। सपा ने इसे 'जन-मन का मैनिफेस्टो' और 'पीडीए का प्रणपत्र' नाम दिया है। घोषणापत्र जारी करते समय सपा सरकार में मंत्री रहे आजम खान और अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद भी मौजूद रहे।
घोषणापत्र जारी करने के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि अच्छे दिन नहीं आए हैं, लेकिन बुरे दिन जाने वाले हैं। पार्टी ने इस घोषणापत्र के जरिये महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों को साधने की तैयारी की है। इस तारीख और नाम के जरिये पार्टी ने सामाजिक न्याय के अपने राजनीतिक विमर्श को संविधान और जन आकांक्षाओं से जोड़ने की कोशिश भी की है।
इस मौके पर आजम खान ने कहा कि एक समय ऐसा लग रहा था कि उनका और अखिलेश यादव का एनकाउंटर किया जाएगा और दोनों को अलग-अलग गाड़ियों में लाया गया। उन्होंने कहा कि जेल की जिंदगी मौत से भी बदतर थी और उनके साथ अंग्रेजों से बुरा बर्ताव किया गया। आजम खान ने कहा कि वे वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं और अब अखिलेश यादव के साथ हैं।
सपा प्रमुख ने महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने, स्त्री समृद्धि योजना, आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर पक्की नौकरी, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, भर्तियों में पूरा आरक्षण और गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान जैसे वादे पहले ही किए हैं। सपा ने वर्ष 2022 के अपने घोषणापत्र में 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी और लैपटॉप वितरण जैसे वादे किए थे।
