महाराष्ट्र की राजनीति में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट पर 5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। राउत के मुताबिक, लातूर जिले के उदगीर में समाज सुधारक अन्नाभाऊ साठे के नाम पर ट्रेनिंग सेंटर बनाने के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया गया था। आरोप है कि इस प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने के बदले मंत्री ने कुल लागत का 20 फीसदी यानी करीब 5 करोड़ रुपये मांगे थे। शिरसाट ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए राउत को सबूत पेश करने की चुनौती दी है।

राउत ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह मामला सामने रखा। उन्होंने बताया कि लातूर में 'आरती सेवा भावी संस्था' चलाने वाले नरसिंह उदगिरकर ने 6 अक्टूबर 2025 को सामाजिक कल्याण मंत्रालय को एक प्रस्ताव सौंपा था, जिसमें उदगीर में अन्नाभाऊ साठे के नाम पर प्रशिक्षण केंद्र बनाने की मांग की गई थी। इस परियोजना पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान था। राउत का कहना है कि प्रस्ताव भेजे जाने के काफी समय बाद भी इसे मंजूरी नहीं मिली।

राउत के मुताबिक, संस्था के संचालक नरसिंह उदगिरकर ने उन्हें बताया कि सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने परियोजना की कुल लागत का 20 प्रतिशत कमीशन मांगा था, जो करीब 5 करोड़ रुपये होता है। आरोप है कि मंत्री ने उदगिरकर को मुंबई में एक इमारत की 72वीं मंजिल पर बने अपने निजी आवास पर बुलाया था। राउत का दावा है कि उदगिरकर ने रिश्वत देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उनके प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि संस्था संचालक ने इस मामले की शिकायत सरकारी अधिकारियों और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) से की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को टैग करते हुए राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि सरकार में बैठे लोगों की वजह से महाराष्ट्र और यहां की जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

दूसरी तरफ, मंत्री संजय शिरसाट ने रिश्वत मांगने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि सामाजिक न्याय मंत्री होने के बावजूद उनके पास 10 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी देने का अधिकार नहीं है और ऐसे प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी मुख्यमंत्री देते हैं। शिरसाट ने सवाल उठाया कि जब 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजना को मंजूरी देने का अधिकार उनके पास ही नहीं है, तो 25 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के लिए रिश्वत मांगने का आरोप कैसे लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव में जरूरी जानकारी और दस्तावेजों की कमी थी, इसलिए इसे मंजूरी नहीं मिल सकी और संबंधित संस्था को नियमों के अनुसार इन कमियों को दूर करने के लिए कहा गया था। शिरसाट ने ऑडियो रिकॉर्डिंग का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग उन्हें जानबूझकर फंसाने की कोशिश कर रहे हैं और उन्होंने राउत से सबूत सार्वजनिक करने की मांग की है।