राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के संस्थापक शरद पवार और उनकी पार्टी को लेकर पिछले कुछ महीनों से तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इनमें यह चर्चा भी शामिल है कि NCP के दोनों धड़े एक हो सकते हैं और शरद पवार भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल हो सकते हैं। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि वह अपनी बेटी सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री या महाराष्ट्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दिलवा सकते हैं।

इन अटकलों के बीच शरद पवार के करीबी रहे नेता और सुनेत्रा पवार की अगुवाई वाली NCP के वरिष्ठ नेता तथा महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल ने मंगलवार (24 नवंबर) को स्थिति साफ करते हुए कहा कि शरद पवार भले ही NDA में शामिल न हों, लेकिन कुछ खास मुद्दों पर वह सत्तारूढ़ गठबंधन या केंद्र सरकार का समर्थन कर सकते हैं। भुजबल ने कहा कि राजनीतिक बैठकों और चर्चाओं से अक्सर संभावित समीकरणों में बदलाव को लेकर अटकलें लगने लगती हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "निजी रूप से, मुझे नहीं लगता कि शरद पवार NDA में शामिल होंगे। यह मेरी अपनी राय है। हालांकि, किसी खास मुद्दे पर, अगर उन्हें सही लगे, तो वह राजग नीत सरकारों या केंद्र सरकार का समर्थन कर सकते हैं।"

भुजबल ने कहा कि जब तक शरद पवार इस बारे में औपचारिक फैसला नहीं करते, तब तक उनके NDA में शामिल होने की चर्चा महज अटकलें ही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उचित जांच-पड़ताल के बाद NCP (शरद पवार) परिसीमन विधेयक का समर्थन कर सकती है। परिसीमन के मुद्दे पर सुप्रिया सुले की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भुजबल ने कहा कि अगर उन्हें और NCP को लगता है कि यह मुद्दा सही है और इस पर समर्थन दिया जाना चाहिए, तो वे इसके महत्व को समझने के बाद इसका समर्थन कर सकते हैं। सुले ने कहा था कि जब परिसीमन का मुद्दा सामने आएगा, तब उनकी पार्टी इस पर फैसला लेगी। ये अटकलें ऐसे वक्त पर लगाई जा रही हैं, जब केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार संसद से परिसीमन बिल पारित कराने के लिए सांसदों का जुगाड़ जुटाने में लगी है। बता दें कि इसी साल अप्रैल में यह बिल लोकसभा में पेश किया गया था, लेकिन दो तिहाई संख्या बल न होने के कारण बिल सदन में गिर गया था।

इस बीच, सुप्रिया सुले ने उन खबरों को खारिज किया है, जिनमें अगले महीने जन्मदिन पर शरद पवार के सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की अटकलें लगाई गई थीं। इन खबरों के बाद राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गई थीं कि वरिष्ठ पवार 12 दिसंबर को राजनीति से संन्यास ले सकते हैं। इस खबर पर नाराजगी जताते हुए सुले ने कहा कि उनके पिता अभी भी राज्यसभा के सदस्य हैं और उनका पांच साल का कार्यकाल बाकी है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "कौन संन्यास लेगा, यह लोग तय करेंगे।"

दूसरी ओर, राजनीतिक चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शरद पवार के संन्यास पर चर्चा करना उचित नहीं है। फडणवीस ने कहा कि पवार जीवन में कभी नहीं रुकेंगे और कुछ न कुछ सकारात्मक काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की चर्चाओं का कोई आधार नहीं है। मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, "हम शरद पवार के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। वह आज भी सक्रिय हैं। मैंने उन्हें करीब से देखा है। वह लगातार विभिन्न परियोजनाओं और कार्यों में रुचि लेते रहते हैं। इसलिए उनके संन्यास पर चर्चा करना उचित नहीं है।"