पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें TMC छोड़कर प्रधानमंत्री मोदी के साथ जाने की सलाह दी थी। उन्होंने मंगलवार को कोलकाता में एक समिट के दौरान यह बात कही। अधिकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति बनने के बाद जब वे प्रणब मुखर्जी से मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे, तब दोनों के बीच यह बातचीत हुई थी।
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था कि वे सोचें कि आप क्या करना चाहते हैं। अगर कर्मचारी बनकर रहना चाहते हैं तो यहीं रहिए, और अगर अपने दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं तो मोदीजी के साथ रहिए। अधिकारी ने प्रणब मुखर्जी को अपना 'ओरिजिनल एडवाइजर' बताया और कहा कि वे उनके अभिभावक की तरह थे। उनके अनुसार राजनीति से अलग भी हर भारतीय मुखर्जी का सम्मान करता है।
जब शुभेंदु अधिकारी से पूछा गया कि प्रणब मुखर्जी के साथ यह बातचीत कब हुई थी, तो उन्होंने तारीख बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी अब इस दुनिया में नहीं हैं और उनके बयान से विवाद हो सकता है, इसलिए वे इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते।
शुभेंदु अधिकारी पहले ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने 2020 में TMC छोड़कर BJP का दामन थाम लिया था। प्रणब मुखर्जी का अगस्त 2020 में निधन हुआ था। अधिकारी ने TMC के आंतरिक कामकाज पर प्रणब मुखर्जी की एक और टिप्पणी का जिक्र किया। उनके मुताबिक, मुखर्जी ने पार्टी को 'चाची-भतीजे की जोड़ी' से चलने वाली पार्टी बताया था। यह टिप्पणी ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के संदर्भ में थी।
