संविधान दिवस पर गुरुवार को सोनभद्र जिले के सभी विद्यालयों में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ‘संविधान संवाद’ योजना के तहत सुबह ठीक नौ बजे ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों को मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। आयोजन के जरिए प्रदेशभर में एक ही समय पर सर्वाधिक लोगों द्वारा संविधान की प्रस्तावना पढ़ने का सामूहिक अभिलेख बनाने की पहल की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राहुल ने बताया कि इस आयोजन के लिए 20 से 25 नवंबर तक विद्यालयों की सुबह की प्रार्थना सभा में संविधान की प्रस्तावना और मौलिक कर्तव्यों के पठन का पूर्वाभ्यास कराया गया था। 26 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक विद्यालयों में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता शुरू होगी। दोपहर 12 बजे विधिक कैडेट कोर की घोषणा और अपराह्न एक बजे प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर पुरस्कार वितरण होगा।

कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों को 50-50 के समूहों में खड़ा किया गया था। प्रत्येक समूह की निगरानी और विद्यार्थियों की गणना एक शिक्षक कर रहे थे। प्रस्तावना वाचन के दौरान किसी को भी समूह में प्रवेश करने या बाहर जाने की अनुमति नहीं थी। प्रत्येक आयोजन स्थल पर विद्यालय अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से असंबद्ध दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति थी। आयोजन की प्रमाणिकता के लिए सुबह 8.55 से 9.05 बजे तक घड़ी के समय सहित लगातार वीडियो रिकॉर्डिंग और प्रत्येक समूह की तस्वीरें लेकर हस्ताक्षरित गणना पत्रक और गवाहों के बयान सुरक्षित किए गए।

न्यायालय परिसर में कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव की अगुवाई में हुआ, जबकि अन्य विद्यालयों में प्रधानाचार्य और विधिक साक्षरता क्लब के प्रभारी शिक्षक कार्यक्रम का नेतृत्व किए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी विद्यालयों से आयोजन की तस्वीरें, वीडियो और निर्धारित आख्या दोपहर 12 बजे तक कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा है। जिला स्तर पर समेकित गणना तैयार कर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजी जाएगी।