सुप्रीम कोर्ट ने पत्रकारिता की आजादी और सार्वजनिक व्यवस्था के बीच संतुलन बनाए रखने की जरूरत पर जोर देते हुए यह सवाल उठाया है कि क्या मान्यता प्राप्त पत्रकारों को प्रदर्शन की रिपोर्टिंग के दौरान खुद को पत्रकार बताने वाले लोगों से ज्यादा सुरक्षा मिलनी चाहिए। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने गुरुवार को यह टिप्पणी की। पीठ ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।

शीर्ष अदालत ने मामले को पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति के पास भेज दिया है, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश आर. सुभाष रेड्डी कर रहे हैं। कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं से समिति के सामने सबूत और अन्य सामग्री पेश करने को कहा है। न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि याचिकाकर्ताओं को समिति के सामने तथ्यात्मक रूप से साबित करना होगा कि वे वहां मौजूद थे या नहीं और अगर थे, तो क्या उनके खिलाफ जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि खुद को पत्रकार बताने वाले लोगों को मान्यता प्राप्त पत्रकारों जैसी सुरक्षा नहीं मिल सकती।

यह मामला सात पत्रकारों को कथित रूप से हिरासत में लेने, उनके साथ मारपीट करने और प्रदर्शन की रिपोर्टिंग में बाधा डालने से जुड़ा है। ये घटनाएं दिल्ली में 10 और 11 अक्तूबर 2026 को हुई थीं। केरल वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन और दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स ने इस मामले में याचिका दायर की है। याचिका में कहा गया कि पत्रकारों को जबरन रिपोर्टिंग वाली जगहों से हटाया गया, उन्हें घटनाओं की रिकॉर्डिंग से रोका गया और उनके साथ शारीरिक बल का इस्तेमाल किया गया। याचिका के मुताबिक, प्रदर्शन की रिपोर्टिंग कर रहे मान्यता प्राप्त पत्रकारों को रोका गया, घसीटकर हटाया गया और उनके साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की गई। प्रेस पहचान पत्र दिखाने के बावजूद उन्हें हिरासत में लिया गया।

वरिष्ठ वकील पीवी दिनेश ने कहा कि सात पत्रकारों को हिरासत में लिया गया था और वे स्थापित मीडिया संस्थानों के साथ काम करते थे, केवल रील बनाने वाले लोग नहीं थे। उन्होंने सवाल किया कि जब स्थापित और मान्यता प्राप्त पत्रकार घटनाओं की रिपोर्टिंग कर रहे हों, तो क्या उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने शीर्ष कोर्ट को बताया था कि सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले लोग और इन्फ्लुएंसर प्रदर्शन की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों जैसी सुरक्षा का दावा नहीं कर सकते। पुलिस ने हलफनामे में कहा था कि पत्रकार एक अलग श्रेणी में आते हैं, जबकि सोशल मीडिया पर सामग्री बनाने वाले लोग अपने व्यावसायिक फायदे के लिए कैमरे और माइक्रोफोन से रील बनाते हैं और ऐसे लोगों को प्रदर्शन की रिपोर्टिंग के दौरान प्रेस को मिलने वाली सुरक्षा अपने आप नहीं मिल सकती।