कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हाल ही में अपनी किताब 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' लॉन्च की। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के नेताओं के साथ सहयोगी दलों के कई नेता भी शामिल हुए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस आयोजन के लिए डीएमके चीफ एमके स्टालिन को भी न्योता भेजा गया था और राहुल गांधी ने उन्हें फोन भी मिलाया, लेकिन स्टालिन ने न तो फोन उठाया और न ही कार्यक्रम में पहुंचे।

न्यूज 18 की बुधवार की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि राहुल गांधी ने 16 नवंबर को दिल्ली में हुए इस विमोचन समारोह में शामिल होने के लिए स्टालिन को फोन किया था। हालांकि डीएमके चीफ ने कांग्रेस नेता से बात नहीं की। रिपोर्ट के अनुसार, स्टालिन ने सोनिया गांधी को बधाई संदेश जरूर भेजा।

यह घटनाक्रम कांग्रेस और डीएमके के बीच बढ़ती दूरियों के बीच सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले राहुल गांधी और स्टालिन के बीच आत्मीयता देखी जाती थी और दोनों सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे को भाई कहकर संबोधित करते थे। 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले स्टालिन उन नेताओं में शामिल थे जिन्होंने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन दिया था, और 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान राहुल ने स्टालिन को अपना 'बड़ा भाई' कहा था।

रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों दलों के बीच मतभेद 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले गहरे हुए। जानकारों के हवाले से कहा गया है कि कांग्रेस अधिक सीटें और सरकार में बड़ी भूमिका चाह रही थी, जबकि डीएमके सत्ता में हिस्सेदारी देने को तैयार नहीं थी। दोनों दलों ने चुनाव साथ लड़ा, लेकिन मिलकर प्रचार नहीं किया। कांग्रेस ने 28 सीटों पर चुनाव लड़ा और पांच सीटों पर जीत हासिल की। रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव परिणामों के बाद राज्य में विजय की पार्टी TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, और कांग्रेस ने सरकार बनाने में विजय का समर्थन कर दिया। इसके बाद डीएमके ने सार्वजनिक रूप से कांग्रेस को धोखेबाज़ कहा और इंडिया गठबंधन से बाहर आने का ऐलान कर दिया।