सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले वकील को बुधवार को अवमानना नोटिस जारी किया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की याचिका पर की गई, जिसमें वकील के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की गई थी। जस्टिस दीपांकर दत्ता, जॉयमाल्या बागची और वी. मोहना की तीन सदस्यीय बेंच ने वकील से जवाब मांगा है और नोटिस का जवाब देने के लिए 20 जनवरी 2027 की तारीख तय की है।
घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की है। बताया जाता है कि वह वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले में जल्द सुनवाई चाहता था। जब CJI सूर्यकांत की अगुआई वाली बेंच, जिसमें जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे, ने उसे इंतजार करने को कहा, तो वकील ने नाराजगी जताई। वकील ने कथित तौर पर कहा कि CJI इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें ईमानदारी नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, वकील ने तय प्रक्रिया के बिना अपना मामला रखने के लिए पहले माफी मांगी थी, जिस पर जस्टिस वी. मोहना ने कहा कि वे इस तरह मामले का जिक्र नहीं कर सकते।
वकील की टिप्पणी के बाद कोर्ट की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। कोर्ट में मौजूद वकीलों के मुताबिक, बाद में सुरक्षाकर्मी उसे कोर्ट रूम से बाहर ले गए, जहां मौजूद अन्य वकीलों ने CJI से इस व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वकील के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
उल्लेखनीय है कि जुलाई में भी CJI सूर्यकांत के साथ बदसलूकी की एक घटना सामने आई थी, जब याचिकाकर्ता प्रबल प्रताप ने सुप्रीम कोर्ट में हंगामा करते हुए CJI के खिलाफ अपशब्द कहे थे। उस समय सुनवाई कर रही बेंच में CJI सूर्यकांत शामिल नहीं थे और बेंच ने अवमानना कार्रवाई शुरू करने से इनकार करते हुए कहा था कि याचिकाकर्ता परेशान लग रहा था और उसे कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं।
