तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी स्थित दीपथून पर कार्तिगई दीपम न जलाए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दायर की गई है। याचिका में मुख्यमंत्री विजय थलपति और उनके मंत्रियों की भूमिका का खुलासा करने की मांग की गई है। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, यह याचिका उन 11 सरकारी अधिकारियों और मंदिर पदाधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग के साथ दायर हुई है, जिन पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने का आरोप है।

मद्रास हाईकोर्ट में दीप जलाने की मांग को लेकर मूल याचिकाकर्ताओं में शामिल राम रविकुमार ने यह याचिका दायर की है। इसमें तमिलनाडु के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल कर सरकार के स्तर पर लिए गए फैसलों की जानकारी देने का निर्देश देने की मांग की गई है। याचिका में खास तौर पर मुख्यमंत्री और मंत्रियों की संभावित भूमिका का खुलासा करने, संबंधित अधिकारियों और राजनीतिक नेतृत्व के बीच हुई बातचीत तथा फैसलों से जुड़े दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और अदालत में पेश करने की मांग भी की गई है। इन दस्तावेजों में सरकारी फाइलों पर की गई टिप्पणियां, बैठकों के मिनट्स, खुफिया रिपोर्ट और राजनीतिक नेतृत्व तथा अधिकारियों के बीच इलेक्ट्रॉनिक संवाद शामिल हैं। याचिका में कहा गया है कि अवहेलना की जिम्मेदारी केवल उन अधिकारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि निर्णय किस स्तर पर लिया गया।

20 नवंबर को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ ने मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत सीमित टीम को 24 नवंबर को दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, त्योहार के दिन मद्रास हाईकोर्ट के सामने मदुरै के जिला कलेक्टर और राज्य सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन के आश्वासन के बावजूद दीप नहीं जलाया गया। याचिका में मंदिर के न्यासी बोर्ड के उस सर्वसम्मत फैसले पर भी सवाल उठाया गया है, जिसमें पारंपरिक स्थान पर दीप जलाने का निर्णय लिया गया था। याचिका के अनुसार, मंदिर प्रशासन ने धार्मिक परंपराओं, आगम नियमों और विशेषज्ञों तथा स्थानिकरों की राय का हवाला दिया था, लेकिन याचिकाकर्ता का दावा है कि स्थानिकम भट्टारों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कोई राय देने से इनकार किया था। याचिका में कहा गया है कि न्यासी बोर्ड का प्रस्ताव किसी न्यायिक आदेश को निष्प्रभावी नहीं कर सकता।

अवमानना याचिका में HR&CE आयुक्त टीजी विनय, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा, पुलिस आयुक्त एस राजेंद्रन, पुलिस उपायुक्त इनिगो विजय, HR&CE के संयुक्त आयुक्त, मंदिर के कार्यकारी अधिकारी और मंदिर के पांच न्यासियों के नाम शामिल किए गए हैं। याचिकाकर्ता ने अदालत से उन लोगों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेकर आपराधिक अवमानना की कार्रवाई शुरू करने पर विचार करने की मांग की है, जिन्होंने आदेश की अवहेलना को मंजूरी दी, निर्देश दिया या जानबूझकर इसके लिए उकसाया। याचिका में संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए सात दिनों के भीतर दीप जलाने की नई तारीख तय करने का अनुरोध भी किया गया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि अधिकारियों को न्यायिक प्रक्रिया के जरिए जो हासिल नहीं हो सका, उसे अदालत के आदेश की अवहेलना करके हासिल करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। यह याचिका वरिष्ठ अधिवक्ता पी वल्लियप्पन ने तैयार की है और अधिवक्ता जी बालाजी के माध्यम से दाखिल की गई है।