सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को उस याचिका पर सुनवाई करेगा जिसमें इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक से जुड़े सोशल मीडिया वीडियो हटाने की मांग की गई है। इन वीडियो में फिलिबेक कथित तौर पर हैदराबाद में आयोजित भारत समिट के दौरान 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाते दिखाई दे रहे हैं।
बुधवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने इस याचिका का उल्लेख किया गया। पीठ में न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे। याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील रिजवान अहमद ने मामले में जल्द हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के महासचिव फिलिबेक ने भारत की घरेलू राजनीतिक गतिविधियों में हस्तक्षेप किया है। मुख्य न्यायाधीश ने वकील से कहा कि सुनवाई के समय संबंधित पीठ के सामने विस्तार से दलीलें रखें। इसके बाद याचिका को शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति दी गई।
वकील रिजवान अहमद ने बताया कि भारत समिट का आयोजन तेलंगाना में राज्य सरकार और समृद्ध भारत फाउंडेशन समेत कुछ संस्थाओं के सहयोग से 13 और 14 नवंबर को किया गया था। इसी दौरान फिलिबेक के बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ। फिलिबेक ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तारीफ की थी और मतदाता सूची को साफ और पारदर्शी बनाने के लिए उनके अभियान का भी जिक्र किया था।
फिलिबेक ने इसी महीने की शुरुआत में रामलीला मैदान में विपक्षी दलों के मार्च का भी उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए नागरिकों को आगे आकर अपनी आवाज उठानी होगी। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कथित तौर पर 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया। साथ ही कहा कि आधुनिक भारत की लोकतांत्रिक नींव कांग्रेस पार्टी ने रखी थी।
