सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि कोई कर्मचारी केवल योग्यता के आधार पर बिना मंजूरी वाले पद पर स्थायी नियुक्ति या समायोजन का दावा नहीं कर सकता। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने एक लेक्चरर की अपील खारिज करते हुए झारखंड हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के फैसले को बरकरार रखा। डिवीजन बेंच ने सिंगल जज के उस आदेश को पहले ही रद्द कर दिया था, जिसमें नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी को अपीलकर्ता के स्थायी समायोजन पर 5 दिसंबर 1987 से विचार करने का निर्देश दिया गया था।

मामला अपीलकर्ता बृज कुमार मिश्रा से जुड़ा है, जिनकी नियुक्ति 22 फरवरी 1986 को गढ़वा के एसजेएसएन कॉलेज में हिंदी लेक्चरर के रूप में हुई थी। यह विभाग का पांचवां पद था। नियुक्ति के समय उनके पास निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता नहीं थी, जो उन्होंने 5 दिसंबर 1987 को हासिल की। कोर्ट के अनुसार, केवल योग्यता पूरी कर लेने से नौकरी पर स्थायी अधिकार नहीं मिल जाता और जिस पद पर स्थायी नियुक्ति या समायोजन मांगा जा रहा है, उसका अस्तित्व होना भी जरूरी है।

31 मार्च 1987 की कट-ऑफ तारीख मानते हुए एसजेएसएन कॉलेज को रांची यूनिवर्सिटी का अंगीभूत कॉलेज बनाया गया था। तब तक सरकार ने हिंदी लेक्चरर के केवल तीन पद मंजूर किए थे और नवंबर 1987 में चौथा पद भी मंजूर हुआ, लेकिन ये चारों पद पहले से नियुक्त लेक्चरर्स से भर दिए गए थे। बृज कुमार मिश्रा की नियुक्ति इनके बाद हुई थी।

विवाद कॉलेजों को अंगीभूत इकाइयों में बदले जाने के बाद कर्मचारियों के स्थायी समायोजन की जांच के लिए गठित आयोग की सिफारिशों से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस एससी अग्रवाल की अध्यक्षता वाले इस आयोग ने विचार योग्य शिक्षकों की सूची में मिश्रा का नाम शामिल किया था, लेकिन उनकी पात्रता की तारीख 5 दिसंबर 1987 दर्ज की थी।