पेट्रोल में एथनॉल मिलाने को लेकर देशभर में विरोध के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने मंगलवार को E20 पेट्रोल नीति की आलोचना करने वालों पर निशाना साधा। त्रिशूर में एक संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जो लोग इस नीति के पीछे के विज्ञान को नहीं जानते, वे मूर्ख हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि E20 पेट्रोल के बारे में विरोध फैलाने वालों की राजनीतिक सोच घटिया है।

अपने फैसले का बचाव करते हुए गोपी ने कहा कि पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा E10 से बढ़ाकर E20 करने का कदम विज्ञान पर आधारित है और ऑटोमोबाइल रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) के शोध के बाद ही इसे लागू किया गया। उन्होंने कहा कि जिनेवा कन्वेंशन के तहत सख्त दिशानिर्देश जारी किए जा रहे हैं और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए इन नियमों का पालन जरूरी है। उनके अनुसार दुनिया रिन्यूएबल एनर्जी के स्रोतों की तलाश कर रही है।

कर्नाटक सरकार द्वारा पेट्रोल में मानक से अधिक एथनॉल मिलाने के आरोपों पर भी गोपी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे दावे करने वाले और एथनॉल की मात्रा की जांच करने वाले लोग सैंपल लेने से पहले पेट्रोल में कुछ मिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे दावों की जांच के लिए CBI को बुलाना पड़ सकता है। बता दें कि कर्नाटक ने इस महीने की शुरुआत में आरोप लगाया था कि प्रमुख तेल कंपनियों द्वारा बेचे जा रहे पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा तय सीमा से अधिक है, हालांकि सरकारी कंपनियों ने इन दावों का खंडन किया था।

इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी एथनॉल ब्लेंडिंग का बचाव किया था। उन्होंने बीते महीने कहा था कि एथनॉल मिलाने को लेकर विरोध पैसे देकर चलाया गया अभियान था। गडकरी के अनुसार इस नीति से कोयला और कच्चे तेल का आयात घटाकर विदेशी मुद्रा बचाई जा सकती है, और पिछले तीन सालों में बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन और पेट्रोल कारें E20 मिश्रण वाले ईंधन पर चल रही हैं, जबकि एथनॉल मिश्रण से इंजन खराब होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है।