पाकिस्तान में गुरुद्वारों के दर्शन के लिए गए भारत के तीन सिख श्रद्धालु लापता हो गए हैं। जानकारी के अनुसार तीनों श्रद्धालु ननकाना साहिब से पंजा साहिब की ओर जाते समय अपने जत्थे से बिछड़ गए। श्रद्धालुओं के लापता होने की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। सिख जत्था चार दिन पहले पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ था।

अभी तक तीनों श्रद्धालुओं की पहचान और उनके लापता होने की परिस्थितियों के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद भारतीय खुफिया एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और जत्थे में शामिल सिख श्रद्धालुओं की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।

पाकिस्तान में धार्मिक यात्रा के दौरान किसी श्रद्धालु के लापता होने का यह पहला मामला नहीं है। पिछले साल कपूरथला जिले के अमानीपुर गांव की सरबजीत कौर भी पाकिस्तान गई थी, लेकिन जत्थे के साथ वापस नहीं लौटी थी। वह चार नवंबर 2025 को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पाकिस्तान गई थी और उसके लापता होने के मामले में पंजाब पुलिस की ओर से भी जांच की गई थी।

तीन श्रद्धालुओं के लापता होने की ताजा घटना ने एक बार फिर पाकिस्तान में धार्मिक यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।