26/11 मुंबई हमलों के 18 साल पूरे हो गए हैं। 18 साल पहले आज के दिन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने कराची के समुद्री रास्ते से मुंबई में घुसकर ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, सीएसटी स्टेशन और नरीमन हाउस समेत कई ठिकानों को निशाना बनाया था। इन हमलों में 160 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और घायलों की तादाद भी असंख्य थी। भारतीय खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, हमलों के बाद जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब और बाद में डेविड हेडली के बयानों से यह साबित हुआ था कि इस पूरी साजिश को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और वहां की सेना की मिलीभगत से अंजाम दिया गया था।

भारतीय खुफिया एजेंसियों के अनुसार, हमलों को अंजाम देने वाले छह आरोपी पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें कोई सजा नहीं काटनी पड़ रही है। इनमें लश्कर-ए-तैयबा का सरगना हाफिज सईद और संगठन का ऑपरेशन प्रमुख जकी-उर-रहमान लखवी भी शामिल हैं। अन्य आरोपियों में लश्कर का कमांडर साजिद मजीद उर्फ साजिद मीर, पाकिस्तानी सेना के रिटायर्ड मेजर अब्दुर रहमान हाशिम सैयद उर्फ पाशा और ISI के दो अधिकारी मेजर इकबाल और मेजर समीर अली के नाम शामिल हैं। भारतीय खुफिया अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तानी हुकूमत ने इन्हें संरक्षण दे रखा है।

दुनियाभर से मिली हिकारत के बाद पाकिस्तान ने कुछ आतंकियों को सजा जरूर सुनाई थी, लेकिन भारतीय खुफिया अधिकारियों के मुताबिक यह सब एक ढोंग था। हाफिज सईद को 2020 में अमेरिका के दबाव में 78 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि उसे ISI का संरक्षण मिला हुआ है और वह खुलेआम आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। लखवी को 2021 में टेरर फंडिंग के आरोप में तीन-पांच-पांच साल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन वह भी अब आजाद है। साजिद मीर को कथित तौर पर गिरफ्तार कर आठ साल की जेल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन इसकी पुख्ता जानकारी नहीं है कि वह कहां है। दो ISI अधिकारियों और एक पूर्व सैन्य अधिकारी के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

26/11 की साजिश मुख्य रूप से 10 आरोपियों ने रची थी, जिनमें से सात हमलों के वक्त पाकिस्तान में थे। जानकारी के मुताबिक अबू कहाफा, अबू अलकमा, मुजम्मिल, अबू अनस और अबू हमजा ने इन 10 आतंकवादियों को ट्रेनिंग और पनाह देने में अहम भूमिका निभाई थी और ये आतंकी भी पाकिस्तान में ही हैं। वहीं, दो साजिशकर्ता मारे गए — लश्कर के पूर्व उप-प्रमुख और हाफिज सईद के साले अब्दुल रहमान मक्की की दिसंबर 2024 में लाहौर में मौत हो गई थी, जबकि अल-कायदा और हरकत-उल जिहाद इस्लामी का नेता इलियास कश्मीरी जून 2011 में एक अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था। भारतीय एजेंसियों ने 10 साजिशकर्ताओं में से 2 पर शिकंजा कसा है। NIA ने 2011 में अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली से अहम पूछताछ की, हालांकि अमेरिका ने उसे हिरासत में लेने की इजाजत नहीं दी। पाकिस्तानी-कनाडाई नागरिक तहव्वुर राणा को पिछले साल अप्रैल में प्रत्यर्पित कर लिया गया और वह तिहाड़ जेल में बंद है। राणा से पूछताछ के आधार पर अधिकारियों ने पिछले साल जुलाई में 26/11 हमलों में एक नई चार्जशीट भी दाखिल की है।