बेंगलुरु में पाकिस्तानी टीवी ड्रामा 'दर-ए-निजात' की दो निजी स्क्रीनिंग रद्द कर दी गई हैं। यह शो भारत में सोशल मीडिया पर चर्चित बना हुआ है। ऑनलाइन विरोध और पुलिस की जांच-पड़ताल के बाद ये आयोजन रद्द हुए। सीरियल पाकिस्तान के एआरवाई डिजिटल चैनल पर प्रसारित होता है और भारत में दर्शक इसे कुछ यूट्यूब चैनलों पर देख सकते हैं, हालांकि चैनल का आधिकारिक यूट्यूब चैनल भारत में ब्लॉक है।

शनिवार को एक रेस्तरां में होने वाली स्क्रीनिंग में मामूली टिकट शुल्क पर फारसी और अरबी डिनर के साथ सीरियल के दो एपिसोड दिखाए जाने थे। दूसरी स्क्रीनिंग एक निजी थिएटर में सिर्फ परिवार के सदस्यों के लिए रखी गई थी, जिसमें मेहमानों से अपने "सबसे अच्छे पाकिस्तानी पहनावे" में आने को कहा गया था। आयोजन के प्रचार पोस्टर ऑनलाइन फैलने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पिछले हफ्ते दिल्ली में भी ऐसा ही एक आयोजन हुआ था, जिसमें शो से जुड़े सवाल-जवाब और निर्देशक के साथ ऑनलाइन बातचीत शामिल थी।

यह विरोध ऐसे समय में हुआ है जब ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नेटफ्लिक्स की आने वाली पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारत में रिलीज न होने देने की मांग की है। यह पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स ओरिजिनल सीरीज है, जिसका दुनवीर प्रीमियर 4 दिसंबर को होना है। इसमें फवाद खान, माहिरा खान और सनम सईद जैसे कलाकार हैं। एआईसीडब्ल्यूए ने कहा कि सीरीज को भारत में रिलीज करना आतंकवाद से प्रभावित परिवारों की भावनाओं की अनदेखी होगी। संगठन ने पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री पर रोक के लिए स्थायी कानून बनाने की मांग भी की है। नेटफ्लिक्स ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि सीरीज भारत के सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध होगी या नहीं।

इन घटनाओं ने भारत में इस पुरानी बहस को फिर हवा दे दी है कि पाकिस्तान के साथ सांस्कृतिक रिश्तों को राजनीतिक मतभेदों से अलग रखा जाना चाहिए या नहीं। बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम में चरमपंथियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। भारत ने हमले के लिए पाकिस्तान से जुड़े चरमपंथियों को जिम्मेदार ठहराया था, जबकि पाकिस्तान ने अपनी भूमिका से इनकार किया था। मई में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में कई ठिकानों पर सैन्य हमले किए, जिनके बारे में भारत का दावा था कि यहां आतंकवादी ढांचे थे। इसके बाद चार दिन तक दोनों देशों के बीच लड़ाई चली और फिर संघर्ष विराम का एलान हुआ।