पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद ज़ीशान अली चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर करीब एक हफ्ता बिताएंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया गया कि अंतरिक्ष स्टेशन पर छह लोगों के लिए रात्रिभोज का इंतजाम किया जा रहा है, जिसमें पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के लिए खास तौर पर चुने गए 100 से ज्यादा तरह के हलाल व्यंजन भी परोसे जाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, इन व्यंजनों में निहारी, मटन कोरमा और छोले की सब्जी भी शामिल हैं।

शेनझोउ-24 मिशन के तहत तीन अंतरिक्ष यात्रियों को तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन भेजा गया है। इनमें मिशन कमांडर तांग होंगबो, फ्लाइट इंजीनियर वू यी और पाकिस्तानी पायलट मोहम्मद ज़ीशान अली पेलोड स्पेशलिस्ट के तौर पर शामिल हैं। बुधवार को जिउछुआन सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से रवाना हुआ यह मिशन अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ गया और चालक दल ने स्टेशन में प्रवेश किया।

पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री की मौजूदगी को देखते हुए चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम से जुड़े विभाग ने चीनी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में कामकाज से जुड़े निर्देश तैयार किए हैं। इसके अलावा उनकी खानपान संबंधी पसंद को ध्यान में रखते हुए हलाल खाने का इंतजाम भी किया गया है। मोहम्मद ज़ीशान अली अंतरिक्ष में जाने वाले पहले पाकिस्तानी हैं और अपने छह दिवसीय प्रवास के दौरान कई वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लेंगे।

इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। कुछ यूजर्स ने इसे चीन और पाकिस्तान के करीबी रिश्तों का प्रतीक बताया, जबकि कई लोगों ने निहारी और कोरमा जैसे पारंपरिक पकवानों के अंतरिक्ष तक पहुंचने पर दिलचस्प टिप्पणियां कीं। कुछ यूजर्स ने मेन्यू में बिरयानी को जगह न मिलने पर निराशा भी जताई।