पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी से अलग हुए सायोनी घोष और काकोली घोष दस्तीदार समेत 20 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को अपना जवाब सौंप दिया है। एनसीपीआई संसदीय दल की अध्यक्ष काकोली घोष दस्तीदार ने मंगलवार (24 नवंबर) को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर सांसद ने अलग-अलग जवाब दाखिल किया है, जो 17-18 पृष्ठों का है। इन सांसदों ने एनसीपीआई में शामिल होने के अपने फैसले का बचाव करते हुए दावा किया कि उनकी ओर से किसी संसदीय और संवैधानिक प्रावधान का उल्लंघन नहीं किया गया है।
ये जवाब लोकसभा सचिवालय द्वारा तय समय सीमा के अंतिम दिन दाखिल किए गए। इनका उद्देश्य तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी द्वारा दायर अयोग्यता याचिकाओं का जवाब देना है। बनर्जी ने दसवीं अनुसूची के तहत सांसदों की अयोग्यता की मांग करते हुए स्पीकर से संपर्क किया था और तर्क दिया था कि सांसदों ने स्वेच्छा से टीएमसी की सदस्यता छोड़ दी है। इसके बाद लोकसभा सचिवालय ने 26 अगस्त को बागी सांसदों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। बागी सांसदों ने दस्तावेज जुटाने और कानूनी टीम की मदद से विस्तृत जवाब तैयार करने के लिए पांच बार समय बढ़ाने का अनुरोध किया था।
एनसीपीआई सांसद अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद अलग होने का फैसला सामूहिक राजनीतिक निर्णय था। उन्होंने कहा कि सांसदों ने अपने संगठन और राजनीतिक विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया और राजग के साथ गठबंधन का फैसला बाद में उनकी राजनीतिक रणनीति के तहत लिया गया। चक्रवर्ती ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में हिस्सा लेने के आरोपों को खारिज किया। वहीं, लोकसभा में एनसीपीआई गुट के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि जवाबों में बनर्जी के आरोपों का खंडन किया गया है। टीएमसी नेतृत्व ने रुख बरकरार रखा है कि बागी अपने फैसले के परिणामों से बच नहीं सकते। अब स्पीकर को दोनों पक्षों के जवाब और कानूनी दलीलों की जांच के बाद याचिकाओं पर फैसला लेना है।
