फिट रहने के लिए लोग घंटों जिम में मेहनत करते हैं, लेकिन कुछ छोटी आदतें भी शरीर को काफी फायदा पहुंचा सकती हैं। पैर की उंगलियों के बल खड़े होना ऐसा ही एक आसान अभ्यास है, जिसे घर, ऑफिस या कहीं भी किया जा सकता है। इससे पिंडलियों और पैरों की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं और उनमें ताकत आती है, जिससे लंबे समय तक चलने या खड़े रहने की क्षमता बेहतर होती है।
यह अभ्यास शरीर का संतुलन सुधारने में मदद करता है, क्योंकि इससे दिमाग और मांसपेशियों के बीच तालमेल बेहतर होता है। बुजुर्गों के लिए यह खासतौर पर उपयोगी माना जाता है। दिनभर बैठे रहने से पैरों में धीमी हो चुकी ब्लड सर्कुलेशन भी इस अभ्यास से बेहतर होती है, जिससे थकान और भारीपन कम महसूस होता है। यह एड़ियों और घुटनों के आसपास की मांसपेशियों को मजबूत बनाकर जोड़ों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम करता है और दर्द या अकड़न से राहत देने में सहायक है।
इसके अलावा टो स्टैंड से रीढ़ सीधी रखने में मदद मिलती है और शरीर का पोस्चर बेहतर होता है। इस दौरान पेट और कमर की मांसपेशियां भी सक्रिय रहती हैं, जिससे कोर मजबूत और शरीर की स्थिरता बढ़ती है। दिनभर खड़े रहने या चलने से पैरों में होने वाले दर्द और थकान में भी यह अभ्यास राहत दे सकता है।
अभ्यास करने के लिए सीधे खड़े हों, फिर धीरे-धीरे एड़ियों को ऊपर उठाकर पैर की उंगलियों पर संतुलन बनाएं। इसी स्थिति में 10 से 15 सेकंड रहें और फिर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौट आएं। इसे 8 से 10 बार दोहराया जा सकता है। लेख में दी गई सलाह और सुझाव केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। किसी भी सवाल या परेशानी की स्थिति में हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
