वैदिक पंचांग के अनुसार 21 नवंबर को तुलसी विवाह का पर्व मनाया जा रहा है। यह पर्व हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि पर मनाया जाता है। इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप के साथ पूरे रीति-रिवाजों से किया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस अनुष्ठान को करने से कन्यादान के समान महापुण्य की प्राप्ति होती है।
पंचांग के अनुसार कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि 21 नवंबर को सुबह 06 बजकर 31 मिनट पर शुरू होगी और 22 नवंबर को सुबह 04 बजकर 56 मिनट पर समाप्त होगी। इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 05 बजकर 01 मिनट से 05 बजकर 30 मिनट तक है। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 16 मिनट से दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा, जबकि गोधूलि मुहूर्त शाम 05 बजकर 25 मिनट से शाम 05 बजकर 52 मिनट तक है।
पौराणिक कथा के अनुसार देवी तुलसी पूर्व जन्म में वृंदा नामक पतिव्रता स्त्री थीं। उनके पतिव्रत धर्म के कारण उनका असुर पति जालंधर अजेय हो गया था। देवताओं की रक्षा के लिए भगवान विष्णु ने जालंधर का रूप धरकर वृंदा का सतीत्व भंग कर दिया, जिससे जालंधर की शक्ति छिन गई और वह युद्ध में मारा गया। छल का पता चलने पर आहत वृंदा ने प्राण त्याग दिए और उनके तप से तुलसी का पवित्र पौधा उत्पन्न हुआ। वृंदा की भक्ति का सम्मान करते हुए भगवान विष्णु ने वरदान दिया कि तुलसी के बिना उनकी पूजा हमेशा अधूरी रहेगी। साथ ही उन्होंने शालिग्राम रूप में तुलसी से विवाह किया। इसी उपलक्ष्य में हर वर्ष कार्तिक माह में तुलसी विवाह का पर्व मनाया जाता है।
इस लेख में दी गई जानकारी विभिन्न माध्यमों, पंचांग, धर्मग्रंथों और मान्यताओं से संग्रहित है। पाठकों से अनुरोध है कि इसे अंतिम सत्य न मानें और अपने विवेक का उपयोग करें।
