मणिपुर के चंदेल जिले के चकपी करोंग इलाके में स्थानीय स्तर पर तैयार की गई शराब पीने से कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 150 मरीज इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शराब में मेथनॉल नाम का जहरीला रसायन मिला होने की आशंका है। ज्यादातर मरीज चंदेल जिले के चकपी करोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं, जिनमें वयस्क और अधेड़ उम्र के लोग शामिल हैं। इम्फाल के शिजा हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट और बाबिना हॉस्पिटल में मरीजों का इलाज चल रहा है। शराब कहां से आई और उसमें जहरीला पदार्थ कैसे मिला, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

इस मामले पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। राहुल गांधी ने कहा कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि मणिपुर की बीजेपी सरकार की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने कहा कि पहले हिंसा ने सैकड़ों परिवारों के घर उजाड़े और अब जहरीली शराब लोगों की जिंदगी तबाह कर रही है, लेकिन राज्य सरकार अब भी सोई हुई है। उन्होंने मांग की कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए और प्रभावित परिवारों को बिना देरी पूरा सहयोग व उचित मुआवजा दिया जाए।

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को इम्फाल के शिजा हॉस्पिटल और बाबिना हॉस्पिटल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना और इलाज की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया और चंदेल जिले में प्रभावित लोगों के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम भेजी, साथ ही जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराईं।

राज्य सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। चंदेल जिला प्रशासन ने लोगों से संदिग्ध स्रोतों से बनी स्थानीय शराब का सेवन नहीं करने की अपील करते हुए एडवाइजरी जारी की है और अवैध रूप से शराब बनाने या बेचने से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी अधिकारियों को देने को कहा है। चंदेल जिला मुख्यालय के सुमिल लांगहू ने बताया कि पिछले दो से तीन दिनों में इस तरह के मामले सामने आने शुरू हुए। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि संबंधित शराब कहां से लाई गई थी।