केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है। इससे पहले शुक्रवार (27 नवंबर) को दोपहर एक बजे 'सेवा तीर्थ' में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर चर्चा होगी और सरकार इसमें कुछ बदलाव कर सकती है, ताकि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत कोटे का प्रावधान लागू किया जा सके। बैठक के सिलसिले में सभी मंत्रियों को सूचना भेजी गई है।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि जरूरी कामकाज निपटाने के वास्ते लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से फिर से बुलाई गई है। दोनों सदनों की बैठक तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है। मॉनुसन सत्र के तहत दोनों सदनों की बैठक 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई थी, लेकिन 100 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी सत्रावसान नहीं हुआ, जिसके चलते बैठक दो दिन के संक्षिप्त नोटिस पर फिर से बुलाई जा सकती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को आयोजित मंत्रिमंडल बैठक के दौरान मंत्रियों से कहा था कि सरकार जल्द ही संसद सत्र बुला सकती है, इसलिए वे उपलब्ध रहें और अगले कुछ दिनों के लिए दिल्ली से बाहर जाने का अपना कार्यक्रम टाल दें। सरकार संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए उत्सुक है, जो अप्रैल में संसद के विशेष सत्र में गिर गया था, क्योंकि सरकार के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं था।

इस विधेयक का उद्देश्य परिसीमन के जरिये लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़ाकर 850 करना है, जिससे 2029 के आम चुनावों से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ हो सके। विधेयक को पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई सदस्यों (543 में से 361) के समर्थन की आवश्यकता है। वर्तमान में लोकसभा में तीन सीट खाली हैं, जिससे सदस्यों की कुल संख्या 540 है। राजग के पास लगभग 320 सदस्य हैं और विधेयक पारित कराने के लिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी। अप्रैल में विधेयक के गिरने के बाद से राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं, क्योंकि विपक्षी खेमे से 26 सांसद बाहर हो गए हैं। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने पार्टी से अलग होकर 'नेशनलिस्ट सिटीजंस पार्टी ऑफ इंडिया' (एसीपीआई) में विलय कर लिया है और राजग को समर्थन देने का वादा किया है, जबकि शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं। इन घटनाक्रमों से सरकार की स्थिति मजबूत हुई है, फिर भी उसे अतिरिक्त समर्थन की आवश्यकता होगी। लोकसभा में 22 सदस्यों वाली द्रमुक और आठ सदस्यों वाली राकांपा-शप की भूमिका बदलते समीकरणों में महत्वपूर्ण हो सकती है।