आजम खां की रिहाई का विधानसभा चुनाव पर क्या असर होगा, मथुरा भाजपा का चुनावी मुद्दा बनेगा या नहीं, सीजेपी के चुनाव में उतरने और अखिलेश बनाम योगी की लड़ाई को लेकर विशेषज्ञों ने अपनी राय रखी।
आजम खां के जेल से बाहर आने का विधानसभा चुनाव पर क्या असर पड़ेगा, इस पर विनोद अग्निहोत्री का मानना है कि उनकी रिहाई सपा के लिए राहत की खबर है। उनके आने से सपा को ओवैसी को काउंटर करने का एक चेहरा मिल गया है। आजम खां इतने वक्त तक जेल में रहे, इससे मुस्लिम समुदाय में उनके प्रति सहानुभूति बनी है, जिसका फायदा सपा को मिल सकता है। लेकिन सपा और आजम खां को यह ध्यान रखना होगा कि वे इतने आक्रामक तरीके से न बोलें कि उसका फायदा भाजपा उठाए।
अयोध्या के बाद अब मथुरा भाजपा का चुनावी मुद्दा बनेगा या नहीं, इस सवाल पर राकेश शुक्ला कहते हैं कि कृष्ण जन्मभूमि का मसला भाजपा के एजेंडे में कभी नहीं रहा है। यह मामला विशुद्ध तौर पर योगी आदित्यनाथ का मामला है। पिछले साढ़े नौ साल में योगी आदित्यनाथ वहां 40 से ज्यादा बार गए हैं और हजारों करोड़ रुपये यहां के विकास के लिए दिए जा चुके हैं। तमाम सभाओं में योगी इसका जिक्र करते रहे हैं। कृष्ण जन्मभूमि के एजेंडे पर भाजपा के आने से यह साफ हो गया है कि भाजपा योगी आदित्यनाथ के मुद्दे पर लड़ेगी।
सीजेपी भी उत्तर प्रदेश में चुनाव में उतरेगी या नहीं, इस पर पूर्णिमा त्रिपाठी का कहना है कि सीजेपी ने अब तक एक राजनीतिक दल के तौर पर खुद को पंजीकृत नहीं कराया है। आगे वे क्या करेंगे, यह पता नहीं है। वे जिसके साथ भी जाएंगे, उसका फायदा उस दल को जरूर होगा। अब तक की स्थिति में वे उत्तर प्रदेश में सपा के साथ जा सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो सपा-कांग्रेस गठबंधन के साथ युवाओं को जोड़ने का एक अच्छा कदम होगा।
क्या चुनाव अखिलेश बनाम योगी ही होगा, इस पर विनोद अग्निहोत्री कहते हैं कि अखिलेश और योगी अगर नहीं चाहें तो भी यह चुनाव अखिलेश बनाम योगी ही होगा। अखिलेश गोरखपुर इसलिए गए क्योंकि यह योगी का गढ़ तो है ही, साथ ही यह पूर्वांचल में ब्राह्मण राजनीति का गढ़ भी रहा है। ब्राह्मण वोटों को कैप्टलाइज करने के लिए भी अखिलेश गोरखपुर गए। योगी अखिलेश को चुनौती दे रहे हैं कि अयोध्या से लड़ लीजिए।