उत्तराखंड में ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है। मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तापमान में गिरावट के कारण सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है, जबकि आंशिक बादलों के बीच चल रही हवा से दिन में भी ठंडक महसूस की जा रही है। मैदानी क्षेत्रों में रातें खासतौर पर सर्द हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है और घाटी वाले इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है।
देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह हल्की धुंध के बीच धूप खिली। दिन में आसमान साफ रहा, लेकिन हल्की हवाओं से ठंडक बनी रही और दोपहर बाद कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडराने लगे। देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे एक डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे कम है। पिछले दो दिन में रात का पारा करीब दो डिग्री सेल्सियस नीचे आया है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में कुछ वृद्धि देखी जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को भी मौसम शुष्क बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने और घाटी वाले इलाकों में हल्का कोहरा छाये रहने का अनुमान है।
