गोवा से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2842 को सोमवार (23 नवंबर) को ईंधन कम होने के कारण सूरत की ओर मोड़ा गया। विमान में 142 यात्री सवार थे और यह दोपहर करीब 3:31 बजे सूरत एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। सूरत में विमान में ईंधन भरा गया और जरूरी जांच के बाद इसे दोबारा मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया।

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने बताया कि वह दोपहर 1:10 बजे गोवा से मुंबई के लिए रवाना हुए थे। मुंबई पहुंचने पर विमान काफी देर तक हवा में चक्कर लगाता रहा और लैंडिंग से कुछ मिनट पहले अचानक दोबारा उड़ान भर ली। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को ईंधन कम होने की जानकारी दी और सूरत जाने की अनुमति मांगी।

विमान सूरत एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। विमान सूरत में करीब डेढ़ घंटे रुका, जहां ईंधन भरा गया और कुछ जरूरी जांचें की गईं। इसके बाद विमान फिर मुंबई के लिए रवाना हो गया। मुंबई के लिए रवाना होने से पहले विमान कुछ देर हवा में रहा।

अनुपम खेर ने कहा कि जब विमान उतरने वाला होता है और अचानक दोबारा ऊपर उड़ने लगता है, तो यात्रियों के लिए यह काफी तनावपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि वह इस घटना के लिए पायलट, कप्तान या एयरलाइन को जिम्मेदार नहीं मानते, क्योंकि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सही कदम उठाए गए। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि जब मुंबई में अब दो एयरपोर्ट हैं, तो उड़ानों के उतरने की व्यवस्था बेहतर तरीके से क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह तय होना चाहिए कि किस विमान को किस एयरपोर्ट पर उतरना है और हवाई व जमीनी यातायात का बेहतर प्रबंधन जरूरी है, ताकि यात्रियों को ऐसी परेशानी न हो।