लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'हम जहां खड़े होते हैं, लाइन वहीं से शुरू होती है' वाले बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब जनता मुख्यमंत्री के डायलॉग सुनने के मूड में नहीं है और उनके सारे डायलॉग्स फेल हो गए हैं, इसलिए वह बॉलीवुड के सहारे हैं। उन्होंने दावा किया कि अब ये हमेशा के लिए जा रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ के बयान पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वर्चस्ववादियों की अहंकारी सोच हमेशा से यही रही है कि कोई लाइन में आगे रहे और बाकी सब पीछे। उन्होंने कहा कि इस तरह प्रभुत्ववादी सोच रखने वाले चाहते हैं कि कोई सबसे ऊपर रहे और बाकी जनता नीचे। आम लोगों को पीछे और नीचे रखने की यह सोच पीडीए और संविधान विरोधी होने के साथ अलोकतांत्रिक भी है। सपा प्रमुख ने कहा, 'अब न ये रहेंगे, न इनकी लाइन, क्योंकि पीड़ित पीडीए समाज लाइन लगाकर इनके खिलाफ वोट डालने जा रहा है।'

अखिलेश यादव ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपाई और उनके संगी-साथी याद रखें कि उत्तर प्रदेश के लोग यदि किसी का स्वागत जोरदार तरीके से करते हैं तो विदाई उससे भी ज्यादा शानदार और यादगार करते हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के 46,800 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए थे। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 20 विद्यार्थियों को टैबलेट देने के बाद उनके साथ सेल्फी भी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अमिताभ बच्चन की फिल्म के संवाद का जिक्र करते हुए कहा था, 'हम जहां खड़े होते हैं, लाइन वहीं से शुरू होती है।' उन्होंने टैबलेट को चलता-फिरता विश्वविद्यालय बताते हुए कहा कि इससे युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना उसके घोषणापत्र पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि घोषणापत्र जारी करने वालों से पूछा जाना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने क्या किया। योगी ने कहा था कि मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से कुछ नहीं होता और विकास के लिए संकल्प और विजन होना चाहिए, जो उनके पास नहीं है।